मध्यप्रदेश में बारीश से किसानों को हुए नुकसान का सर्वे कराने कमलनाथ ने शिवराज को लिखा पत्र


भोपाल.पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों मेंहुए नुकसान पर चिंता जताई है। नाथ ने कहा है कि प्रदेश के मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड और ग्वालियर अंचल के कई गांवों में किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि से हजारों कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है। मकानों की छतें टूट गई हैं। इस स्थिति में मेरा आपसे अनुरोध है कि फसलों के नुकसान का वास्तविक सर्वे कार्य तत्काल शुरू किया जाए और एक सप्ताह में राहत राशि किसानों के हाथ में पहुंचाई जाए।
कमलनाथ ने एक अन्य पत्र में कहा है कि लॉकडाउन से प्रदेश के निम्न मध्यम वर्ग की आय प्रभावित हुई है। श्रमिक परिवार पलायन कर मप्र लौट रहे हैं और उनके पास खाने के लिए कुछ भी नहीं है। इधर, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय पहुंचे और वहां सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही गरीबों में भोजन वितरण कराया।
सोशल डिस्टेंस का पालन कर कांग्रेस विधायक जन सेवा में लग जाएं
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से प्रदेश की जनता से आग्रह किया है कि कोरोना का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए 21 दिन का लॉकडाउन है, जिसका पालन करें। संक्रमण से बचने का कारगर तरीका है कि सामाजिक रूप से कुछ दिनों के लिए दूरी बनाए रखें। बहुत जरूरी होने पर घर का सिर्फ एक सदस्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं या दवाइयां लेने के लिए बाहर निकले। नाथ ने कांग्रेस विधायकों और निकायों के जनप्रतिनिधियों तथा कांग्रेस के सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों से आग्रह किया है कि स्थानीय प्रशासन से सामंजस्य स्थापित करके आप सब अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में लग जाएं।